
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- महायज्ञ में हुआ विवाद,...
महायज्ञ में हुआ विवाद, सुरक्षाकर्मी ने चलाई गोली,एक की हालत गंभीर, जानें पूरा मामला

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में चल रहे 1000 कुंडीय महायज्ञ में खाने को लेकर विवाद हो गया। वहीं यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात गोलीबारी तक पहुंच गई। आरोप है कि ब्राह्मणों को बासी परोसा गया था। वहीं इसको लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी, जो आशीष तिवारी नाम के ब्राह्मण को लगी। उन्हें गंभीर हालत में लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
महायज्ञ में हर दिन 1,00,000 आहुतियां डाली जा रही थीं
दरअसल, 18 मार्च से शुरू हुआ यह महायज्ञ 27 मार्च तक चलना था, जिसके लिए 1008 कुंडीय यज्ञशाला बनाई गई थी। महायज्ञ में हर दिन 1,00,000 आहुतियां डाली जा रही थीं। अब इस विवाद के बाद आयोजन को लेकर संशय बना हुआ है। अब तक इस महायज्ञ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा जैसे कई बड़े नेता शामिल हो चुके हैं।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
बता दें कि इस घटना से नाराज ब्राह्मणों ने महायज्ञ स्थल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई और जाम खुलवाने का प्रयास किया। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।