
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- दिल्ली वालों को कल पता...
दिल्ली वालों को कल पता चल जाएगा नए सीएम का नाम! जाने कहां होगी घोषणा?

नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव के परिणाम की मतगणना के 8 दिनों बाद सोमवार को दिल्ली वालों को यह पता चल सकता है कि उनका नया सीएम कौन होगा। हालांकि अब तक मुख्यमंत्री के नाम पर मोहर नहीं लग सका है। कौन बनेंगे मुख्यमंत्री, यह अभी कोई नहीं जानता है लेकिन कल सोमवार का दिन मुख्यमंत्री का नाम लेकर आ सकता है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को हुआ था। 8 फरवरी को मतगणना हुई थी जिसमें दिल्ली की 70 सीटों में से 48 सीटें भारतीय जनता पार्टी को मिली थी। 8 फरवरी की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किए थे। इसके अगले दिन वे फ्रांस और अमेरिका की यात्रा पर निकल गए थे, तभी ही यह तय हो गया था कि जब प्रधानमंत्री विदेश यात्रा से लौटेंगे तभी मुख्यमंत्री का नाम तय होगा।
अब प्रधानमंत्री शुक्रवार रात को विदेश यात्रा से लौटे, उसके बाद से इस बात को लेकर हलचल तेज हो गई है कि किसके नाम की घोषणा मुख्यमंत्री पद के लिए होगी। इस पद के लिए लाइन लंबी है लेकिन पीएम मोदी के भारत लौटने के बाद लाइन को छोटी कर दी गई है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि काफी काट छांट के बाद नौ नाम की सूची बनी है। इसी सूची में से कोई एक मुख्यमंत्री होगा। अभी इसी मुद्दे को लेकर जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह की बैठक हुई है।
भाजपा कार्यालय में कल विधायक दल की बैठक होना तय हुआ है। उम्मीद है दोपहर बाद बैठक होगी, जिसमें भाजपा के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी होगी। भाजपा सूत्रों का कहना है कि इसी अहम बैठक में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो सकती है इसके लिए पर्यवेक्षक को भी ढूंढा जा रहा है। इस बैठक के बाद 18 से 20 फरवरी के बीच शपथ ग्रहण समारोह संभावित है। बहरहाल, दिल्ली की गद्दी पर कौन बैठेगा, इसका इंतजार कल खत्म हो सकता है।