Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

दिल्ली चुनाव: प्रचार के अंतिम दिन अमित शाह का मनीष सिसोदिया पर हमला, कहा- पहला शिक्षा मंत्री जो शराब घोटाले में जेल गए

Tripada Dwivedi
3 Feb 2025 2:46 PM IST
दिल्ली चुनाव: प्रचार के अंतिम दिन अमित शाह का मनीष सिसोदिया पर हमला, कहा- पहला शिक्षा मंत्री जो शराब घोटाले में जेल गए
x

नई दिल्ली। 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव प्रचार के आखिरी दिन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जंगपुरा सीट पर चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर तीखा हमला बोला और भाजपा की योजनाओं को जनता के सामने रखा।

अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि बड़े मियां और छोटे मियां की जोड़ी ने दिल्ली को ठगा है। बता दें कि जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया आप टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि मनीष सिसौदिया यहां आए हैं। आपको उनसे चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्या किया कि उन्हें पटपड़गंज छोड़ना पड़ा। उन्हें लगता है कि वह पटपड़गंज के लोगों को धोखा देने के बाद अब यहां झूठे वादे कर सकते हैं। उन्होंने एक काम किया, वह है सभी मंदिरों, स्कूलों और गुरुद्वारों के पास शराब की दुकानें खोलना। देश में केवल एक ही शिक्षा मंत्री है जो शराब घोटाले में जेल गए।

आप पर अमित शाह का हमला

अमित शाह ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल और उनके साथी पिछले 10 वर्षों से झूठे वादे कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली को भ्रष्टाचार, कूड़ा-कचरा, जहरीले पानी और तुष्टिकरण के अलावा कुछ नहीं दिया। उन्होंने आप के इस दावे को भी खारिज किया कि भाजपा गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद कर देगी।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत दिल्ली की जनता को कई सुविधाएं दी जाएंगी:

गरीब महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता।

500 रुपये में LPG सिलेंडर, साथ ही होली और दीपावली पर दो सिलेंडर मुफ्त।

10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज।

हर झुग्गी-झोपड़ी को मालिकाना हक।

यमुना नदी को स्वच्छ करने और तीन साल में यमुना रिवर फ्रंट बनाने का वादा।

उन्होंने यह भी दावा किया कि मोदी सरकार ने आतंकवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया था और 10 वर्षों में देश से आतंकवाद को खत्म कर दिया गया। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद भी पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो जो कहती है, वह करती है। मोदी की गारंटी का मतलब पत्थर पर खींची लकीर है।

Next Story