
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- राजस्थान में रुक नहीं...
राजस्थान में रुक नहीं रहा 'दादी पर दंगल'! तीसरे दिन भी कांग्रेसियों को पुलिस ने खदेड़ा, मारी पानी की मार

जयपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर की गई विवादित टिप्पणी और छह विधायकों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव की कोशिश की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए 22 गोदाम सर्किल पर बैरिकेडिंग की, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी की। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और एक-एक कर हिरासत में लिया। वहीं पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार की है। बैरिकेडिंग के बीच बने कांग्रेस मंच से नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सरकार पर निशाना साधा।
मार्शल प्रतिनिधियों और कांग्रेस विधायकों के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की
दरअसल, बीते तीन दिनों से सदन में चल रहे गतिरोध के आज टूटने के आसार बने थे लेकिन स्पीकर और कांग्रेस विधायकों के बीच तनातनी इतनी बढ़ गई कि मामला फिर से बिगड़ गया। स्पीकर ने प्रश्नकाल के बाद निलंबित विधायकों को सदन से निकालने के लिए मार्शल बुलाए थे। इसके बाद मार्शल प्रतिनिधियों और कांग्रेस विधायकों के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की हो गई। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सदन के बाहर आकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि सदन में तीन दिन से गतिरोध चल रहा था उसे तोड़ने के लिए संसदीय मंत्री और स्पीकर से बातचीत हुई। जो बात सत्ता पक्ष चाहता था उस पर हम सभी सहमत भी हो गए लेकिन इसके बाद भी सदन को चलाने की सरकार की मंशा नजर नहीं आ रही है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारी तरफ से वार्ता के सारे दरवाजे खुले हैं। यह गतिरोध खत्म होकर वार्ता होनी चाहिए। यह इन लोगों ने ईगो बना रखा है कि विपक्ष को गालियां दें और सदन चलाने के लिए उनका सहयोग भी नहीं लें, ऐसा तो नहीं चलेगा।