Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

भगवंत मान ही करेंगे पार्टी का नेतृत्व, लेंगे दिल्ली से सबक! जानें बाजवा के दावे पर मान ने क्या कहा?

Tripada Dwivedi
11 Feb 2025 2:10 PM IST
भगवंत मान ही करेंगे पार्टी का नेतृत्व, लेंगे दिल्ली से सबक! जानें बाजवा के दावे पर मान ने क्या कहा?
x

नई दिल्ली। दिल्ली के कपूरथला हाउस में मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, उनके मंत्रियों और राज्य के AAP विधायकों-सांसदों के साथ अरविंद केजरीवाल ने बैठक की। इस बैठक में मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। पंजाब के सीएम भगंवत मान ने मीटिंग को लेकर मीडिया से बात की और बताया कि अरविंद केजरीवाल के साथ क्या बातचीत हुई है।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव में विधायकों के काम के लिए उनका धन्यवाद किया। पंजाब सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है। आज भी दिल्ली के लोग कहते हैं कि उन्होंने पिछले 75 सालों में ऐसा काम नहीं देखा, जैसा आप ने पिछले 10 सालों में किया है। हम दिल्ली के अनुभव का पंजाब में इस्तेमाल करेंगे। हम मिलकर काम करेंगे। हमारी पार्टी अपने काम के लिए जानी जाती है। आज की बैठक में फैसला हुआ कि आने वाले दो सालों में हम पंजाब को एक ऐसा मॉडल बनाएंगे, जिसे पूरा देश देखेगा। पंजाब हमेशा सभी लड़ाइयों में सबसे आगे रहा है।

AAP छोड़ने की अटकलों पर क्या बोले CM मान?

प्रताप सिंह बाजवा के इस दावे की आम आदमी पार्टी के 30 विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। इसपर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वह पिछले तीन साल से यही दावा कर रहे हैं कि AAP के 30-40 विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। उन्हें ऐसे दावे करते रहने दीजिए। उन्हें AAP विधायकों को छोड़कर पहले दिल्ली में कांग्रेस के विधायकों की संख्या गिननी चाहिए। कांग्रेस के कई नेताओं ने दावा किया कि भगवंत मान-केंद्रीय गृह मंत्रालय के संपर्क में है और किसी भी वक्त AAP से बगावत कर सकते हैं। इस बारे में पूछे जाने पर पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें बोलने दीजिए- वे ऐसे दावे करना जारी रख सकते हैं। ऐसी संस्कृति उनकी पार्टी में है, इसलिए ऐसे दावे करते हैं। हमने इस पार्टी को अपना खून-पसीना बहाकर बनाया है। इसलिए इसे छोड़ने का सवाल नहीं उठता।

Next Story