Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

बोले अमित शाह- भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि, पूर्वोत्तर और शेष भारत के बीच की दूरी को कम किया

Tripada Dwivedi
11 March 2025 4:28 PM IST
बोले अमित शाह- भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि, पूर्वोत्तर और शेष भारत के बीच की दूरी को कम किया
x

नई दिल्ली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित पूर्वोत्तर छात्र एवं युवा संसद को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पूर्वोत्तर में शांति और विकास की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि जिस राज्य में शांति नहीं होती, वहां विकास संभव नहीं है। नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में पूर्वोत्तर में शांति स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि 2004 से 2014 के बीच पूर्वोत्तर में 11,000 हिंसा की घटनाएं हुई थीं, जबकि 2014 से 2024 के बीच यह घटकर 3,428 रह गईं, यानी 70% की कमी आई।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की मौतों में 70% की गिरावट आई है। नागरिकों की मौतों की संख्या में 89% की कमी आई है। 10,500 से अधिक उग्रवादियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में प्रवेश किया। पिछले 10 वर्षों में 12 महत्वपूर्ण शांति समझौते किए गए हैं।

मोदी सरकार ने बढ़ाया पूर्वोत्तर का बजट और कनेक्टिविटी

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर के विकास के लिए बड़ा बजट आवंटित किया है और इसे भारत के बाकी हिस्सों के साथ जोड़ने की दिशा में कई प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री ने तय किया है कि हर महीने एक मंत्री पूर्वोत्तर के किसी राज्य में रात्रि विश्राम करेगा। मोदी सरकार में अब तक 78 बार पूर्वोत्तर का दौरा किया गया है, जबकि आजादी के बाद सभी प्रधानमंत्रियों ने असम को छोड़कर केवल 21 दौरे किए थे। 2027 तक पूर्वोत्तर की हर राजधानी को ट्रेन, विमान और सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि उसने पूर्वोत्तर और शेष भारत के बीच की दूरी को कम किया है।

Next Story