Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

अमेरिकी YouTuber सेंटिनलीज़ द्वीप पर अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार, जानें क्या है इस द्वीप पर?

Neeraj Jha
5 April 2025 7:38 PM IST
अमेरिकी YouTuber सेंटिनलीज़ द्वीप पर अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार, जानें क्या है इस द्वीप पर?
x

पोर्ट ब्लेयर। भारत के अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में स्थित संरक्षित नॉर्थ सेंटिनल द्वीप पर अवैध रूप से पहुंचने के आरोप में एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मिखाइलो विक्टोरोविच पोल्याकोव (24) के रूप में हुई है, जो एक वीडियो कंटेंट क्रिएटर है।

पुलिस के अनुसार, पोल्याकोव 29 मार्च को एक इन्फ्लेटेबल बोट के माध्यम से द्वीप के तट तक पहुंचा। उसने वहां डाइट कोक और नारियल एक प्रतीकात्मक भेंट के रूप में छोड़े, रेत के नमूने एकत्र किए और यात्रा का वीडियो GoPro कैमरे से रिकॉर्ड किया। वापसी के दौरान 31 मार्च को उसे पोर्ट ब्लेयर में हिरासत में लिया गया।

बता दें कि भारत सरकार द्वारा सेंटिनलीज़ जनजाति को पूर्ण संरक्षण प्राप्त है और उनके साथ किसी भी प्रकार का संपर्क कानूनी रूप से निषिद्ध है। यह जनजाति बाहरी दुनिया से अलग-थलग जीवन जीती है और सामान्य रोगों से भी अत्यधिक संवेदनशील मानी जाती है।

पुलिस का कहना है कि पोल्याकोव ने इससे पहले भी इन क्षेत्रों में अवैध रूप से प्रवेश की कोशिश की थी। वर्तमान में उस पर आदिवासी जनजाति संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज है, जिसकी अधिकतम सजा पांच वर्ष का कारावास और आर्थिक दंड हो सकती है। उसकी अगली न्यायिक सुनवाई 17 अप्रैल को निर्धारित है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, अंतरराष्ट्रीय संगठन Survival International ने इसे "गंभीर लापरवाही" बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास जनजातीय समुदायों के अस्तित्व के लिए खतरा बन सकते हैं।

Next Story