Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

दिल्ली चुनाव हार के बाद AAP की बड़ी बैठक, पंजाब के तमाम विधायकों को बुलाया गया

Tripada Dwivedi
11 Feb 2025 12:17 PM IST
दिल्ली चुनाव हार के बाद AAP की बड़ी बैठक, पंजाब के तमाम विधायकों को बुलाया गया
x

चंडीगढ़। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में मिली हार के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की आज दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक दिल्ली स्थित कपूरथला हाउस में हो रही है, जहां पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित कई विधायक पहुंच चुके हैं।

AAP की इस बैठक के एजेंडे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। हालांकि, चुनावी हार के बाद पार्टी की रणनीति और आगामी चुनौतियों पर चर्चा होने की संभावना है। इसी के चलते सोमवार को होने वाली पंजाब कैबिनेट मीटिंग को स्थगित कर दिया गया था, जो अब 13 फरवरी को होगी।

बता दें, कि 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में AAP को करारी हार मिली है। 70 सीटों में से AAP को सिर्फ 22 सीटें मिलीं, जबकि बीजेपी ने 48 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया। जबकि, 2020 के चुनावों में AAP को 62 सीटें मिली थीं लेकिन इस बार पार्टी को भारी नुकसान हुआ। वहीं, बीजेपी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी है।

अब AAP के लिए पंजाब एकमात्र राज्य है जहां उसकी सरकार बची हुई है। ऐसे में दिल्ली में मिली हार के बाद पार्टी अपनी रणनीति को मजबूत करना चाहती है। इसलिए AAP बैठक करने जा रही है। कयास लगाया जा रहा है कि वह चुनावी हार की समीक्षा कर सकती है। पंजाब में संगठन को और मजबूत करने पर विचार कर सकती है।

Next Story