Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

बेंगलुरु में एयरो इंडिया 2025: राजनाथ सिंह ने कहा- महाकुंभ आस्था का, एयरो इंडिया पराक्रम का प्रतीक

Tripada Dwivedi
10 Feb 2025 2:26 PM IST
बेंगलुरु में एयरो इंडिया 2025: राजनाथ सिंह ने कहा- महाकुंभ आस्था का, एयरो इंडिया पराक्रम का प्रतीक
x

बेंगलुरु। येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर एयरो इंडिया 2025 के 15वें संस्करण का भव्य आयोजन हो रहा है। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत की सुरक्षा, स्थिरता और वैश्विक शांति को लेकर महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

रक्षा मंत्री ने वैश्विक अनिश्चितताओं का हवाला देते हुए कहा कि भारत एक बड़े राष्ट्र के रूप में हमेशा शांति और स्थिरता का हिमायती रहा है। हमारे लिए भारतीय सुरक्षा और शांति कोई अलग-थलग विचार नहीं हैं, बल्कि यह एक साझा निर्माण है, जो राष्ट्रीय सीमाओं से परे जाता है। उन्होंने आगे कहा कि एयरो इंडिया में विदेशी देशों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हमारे अंतरराष्ट्रीय साझेदार भारत के 'एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य' के दृष्टिकोण से सहमत हैं।

राजनाथ सिंह ने प्रयागराज के महाकुंभ की तुलना एयरो इंडिया से करते हुए कहा कि इस समय भारत में प्रयागराज का महाकुंभ चल रहा है, जहां आस्था और आत्म-संधान का संगम होता है। उसी तरह, एयरो इंडिया एक 'अनुसंधान का कुंभ' है, जहां रक्षा क्षेत्र में नई तकनीकों और नवाचारों पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। प्रयागराज का महाकुंभ भारत की संस्कृति को दर्शाता है, जबकि एयरो इंडिया का महाकुंभ भारत की शक्ति को दर्शाता है। एक ओर परंपरा और आध्यात्म का महाकुंभ है, तो दूसरी ओर पराक्रम और प्रौद्योगिकी का महाकुंभ है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी नीति केवल आत्मरक्षा और वैश्विक शांति सुनिश्चित करने की रही है। एयरो इंडिया 2025—सुरक्षा और रक्षा तकनीक में आत्मनिर्भरता का मंच है। एयरो इंडिया 2025 भारत की आत्मनिर्भर रक्षा क्षमताओं को प्रदर्शित करने और विदेशी साझेदारों के साथ सहयोग को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस कार्यक्रम में दुनियाभर के रक्षा विशेषज्ञ, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

Next Story