- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- ब्रज में शुरू हुआ 40...
ब्रज में शुरू हुआ 40 दिवसीय होली उत्सव, भक्तों पर चढ़ा रंगों का खुमार
मथुरा। बसंत पंचमी के साथ ही ब्रज में 40 दिवसीय होली महोत्सव का शुभारंभ हो गया। पूरे क्षेत्र में भक्तों के उत्साह और भक्ति की अनोखी छटा देखने को मिल रही है। मंदिरों में ठाकुरजी को वसंत के रंगों से सजाया गया और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ रंगों की होली खेली।
बरसाना स्थित लाडलीजी मंदिर में पारंपरिक रूप से होली का डांढ़ा (ध्वज) गाड़ा गया। मान्यता है कि इस अनुष्ठान के बाद ब्रज में होली महोत्सव की आधिकारिक शुरुआत हो जाती है। इस दौरान श्रद्धालुओं ने राधारानी के दर्शन किए और अबीर-गुलाल उड़ाकर उत्सव का आनंद लिया।
गोवर्धन में गिरिराजजी के साथ होली
गोवर्धन में गिरिराज महाराज का विशेष श्रृंगार किया गया और भक्तों ने "गिरिराज जी के संग होली" खेलकर रंगों से सराबोर हो गए। संकीर्तन और भजनों की मधुर ध्वनि से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
वृंदावन में उत्सव की झलक
वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर और अन्य प्रमुख मंदिरों में भी विशेष आयोजन किए गए। ठाकुरजी को पीले-गुलाबी वस्त्रों से श्रृंगारित किया गया और मंदिरों में गुलाल और फूलों की होली खेली गई।
ब्रज की होली पूरे 40 दिन तक अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न परंपराओं के साथ मनाई जाती है। आगे आने वाले दिनों में नंदगांव, बरसाना, गोकुल और मथुरा में लट्ठमार होली, फूलों की होली, रंगों की होली और हुरंगा जैसे प्रसिद्ध आयोजन होंगे।