
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- ट्राम ट्रैक बिछाने के...
ट्राम ट्रैक बिछाने के लिए खोदी जमीन तो मिले 800 साल पुराने मानव कंकाल, जानें इसके पीछे का रहस्य!

ब्रसेल्स (शुभांगी)। ब्रसेल्स की व्यस्त सड़कों के नीचे एक चौंकाने वाली खोज ने सबको हैरान कर दिया है। खुदाई के दौरान अधिकारियों को ऐसे मानव कंकाल मिले हैं जो लगभग 800 साल पुराने बताए जा रहे हैं। यह खोज तब सामने आई जब शहर में ट्राम ट्रैक बिछाने का काम शुरू किया गया। काम के दौरान जब ज़मीन खोदी गई, तो वहां पर दर्जनों मानव कंकालों के अवशेष मिले। तुरंत ही पुरातत्व विभाग को इसकी सूचना दी गई, जिन्होंने अब तक 30 से अधिक कंकाल निकाले हैं।
ब्रसेल्स की राज्य सचिव अंस पर्सून्स ने इस खोज की जानकारी 9 अप्रैल को एक फेसबुक पोस्ट के ज़रिए दी। उन्होंने पुष्टि की कि यह कंकाल 1195 में स्थापित पुराने सेंट-जॉन अस्पताल से जुड़े हैं। माना जा रहा है कि ये लोग वहीं इलाज के दौरान मरे थे और उन्हें अस्पताल के ही कब्रिस्तान में दफनाया गया था।
यह कब्रिस्तान 14वीं से 18वीं शताब्दी के बीच सक्रिय रहा होगा
MIVB (ब्रसेल्स इंटरकम्यूनल ट्रांसपोर्ट कंपनी) और शहर की जल आपूर्ति संस्था VIVAQUA के कर्मचारियों ने जब खुदाई की, तब यह ऐतिहासिक खोज सामने आई। खुदाई शहर के केंद्र में स्थित रीजेंटस्ट्राट में चल रही थी। MIVB ने इस "सदियों पुराने कब्रिस्तान" का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।
पुरातत्वविदों का कहना है कि यह कब्रिस्तान 14वीं से 18वीं शताब्दी के बीच सक्रिय रहा होगा। इस खोज से ब्रसेल्स के मध्ययुगीन इतिहास, लोगों की जीवनशैली, बीमारियों और उस समय के उपचार प्रणाली के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।
प्लेग के शिकार लगभग 1,000 लोगों के कंकाल मिले थे
यह कोई पहला मौका नहीं है जब यूरोप में ऐसे प्राचीन कब्रिस्तान सामने आए हैं। साल 2024 में जर्मनी के न्यूरमबर्ग शहर में यूरोप की अब तक की सबसे बड़ी सामूहिक कब्र की खोज हुई थी, जहां प्लेग के शिकार लगभग 1,000 लोगों के कंकाल मिले थे। इसी साल डेनमार्क में भी 50 वाइकिंग योद्धाओं के कंकाल खोजे गए थे।
ब्रसेल्स की यह खोज न केवल पुरातात्विक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हमें इतिहास के भूले-बिसरे पन्नों से जोड़ने का एक दुर्लभ अवसर भी प्रदान करती है।