
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- फिल्म ‘अबीर गुलाल’...
फिल्म ‘अबीर गुलाल’ भारत में हुई बैन, पहलगाम हमले पर वाणी कपूर ने दिया ये बयान, पाकिस्तानी एक्टर के साथ काम करने पर हो रही हैं ट्रोल

मुंबई। पहलगाम हमले पर आम जनता के साथ-साथ फिल्मी कलाकारों ने भी अपना गुस्सा जाहिर किया। कई सेलेब्स ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया। इस हमले के बाद बॉलीवुड एक्ट्रस वाणी कपूर और पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को बैन करने की सोशल मीडिया पर तेजी से मांग हो रही है। जिसके चलते भारत में इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी गई है। इसी बीच वाणी कपूर ने इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुए पहलगाम हमले पर बयान दिया है।
क्या बोलीं वाणी कपूर?
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान के साथ काम करने को लेकर वाणी कपूर को ट्रोल किया जा रहा है। उनकी आने वाली फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को बैन कर दिया गया है। अब खुद वाणी कपूर ने पहली बार इसे लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि जब से मैंने पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हमला की खबर सुनी है, तब से मैं स्तब्ध हूं। मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। हालांकि, वाणी कपूर ने इस दौरान अपनी फिल्म को बैन करने की मांग को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
‘अबीर गुलाल’ भारत में नहीं होगी रिलीज
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद फिर से पाकिस्तानी कलाकारों और उनकी फिल्मों की आलोचना की जा रही है और उन्हें बैन करने की मांग हो रही है। इसी विवाद का सामना फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म कर रही है। इस बीच फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष बी एन तिवारी और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने अबीर गुलाल को इंडिया में न रिलीज होने की मांग की थी। अब फिल्म को भारत में पूरी तरह से बैन कर दिया गया, यहां तक की इसका गाना भी यूट्यूब से हटाया गया है। बता दें कि फिल्म ‘अबीर गुलाल’ 9 मई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होनी वाली थी।