

- चाचा के बच्चे पर खर्च होने से होती थी जलन
आगरा। जगदीशपुरा क्षेत्र के प्रेम नगर में सगी चाची ने अपने 9 साल के भतीजे को करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया। बच्चे का शव दो दिन तक बाथरूम में पड़ा रहा। बच्चे के पिता ने अपने भाई की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद आरोपी चाची गजना को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी चाची ने स्वीकार किया कि उसके पति भतीजे पर अधिक खर्च करते थे, जिससे उसे जलन होती थी।
प्रेम नगर में रमेश अपने परिवार के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, जबकि उनके छोटे भाई वीर सिंह अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते हैं। रमेश ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे उनका इकलौता बेटा आरव छत पर पतंग उड़ाने गया था। काफी देर बाद भी वह वापस नहीं लौटा। इस पर उनकी पत्नी और बेटी उसे देखने गईं लेकिन आरव नहीं मिला। पूछने पर भाई की पत्नी ने भी कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।
परिजनों ने सोचा कि आरव गली में दोस्तों के साथ खेल रहा होगा। शाम करीब 4 बजे ताऊ का बेटा विशाल फिर से छत पर देखने गया। वहां वीर सिंह के बाथरूम का दरवाजा आधा खुला था। अंदर झांकने पर विशाल को आरव का पैर दिखाई दिया।
जब विशाल ने बाथरूम के अंदर जाकर देखा, तो आरव दीवार के सहारे फर्श पर बैठी अवस्था में मृत पड़ा था। यह देखकर वह चीख पड़ा। परिजनों ने तुरंत आरव को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजन सदमे में आ गए। बच्चे के पिता रमेश ने अपने भाई की पत्नी गजना पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई। पिता ने पुलिस को बताया कि जिस स्थान पर बच्चे का शव मिला, वहां कोई बिजली का स्विच या बोर्ड नहीं था। उन्होंने इसे संदिग्ध मानते हुए गजना पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
पुलिस ने जब गजना से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गजना ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं है, इसलिए उसके पति आरव को बहुत प्यार करते थे और उस पर अधिक खर्च करते थे। इसी जलन के कारण उसने आरव को करंट लगाकर मार डाला। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिला गजना को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।