
अभय चौटाला ने I.N.D.I.A गठबंधन पर उठाए सवाल, राष्ट्रीय पार्टियों पर लगाया क्षेत्रीय दलों की अनदेखी का आरोप.।

अभय चौटाला ने I.N.D.I.A गठबंधन पर उठाए सवाल, राष्ट्रीय पार्टियों पर लगाया क्षेत्रीय दलों की अनदेखी का आरोप.।
भाजपा और कांग्रेस समेत राष्ट्रीय पार्टियों पर अभय चौटाला ने सवाल खड़े करते हुए क्षेत्रीय दलों की एकजुटता का नया पैंतरा फेंका है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियां किसी सूरत में नहीं चाहती कि क्षेत्रीय दल कामयाबी की तरफ बढ़ें। इसलिए देश भर के सभी क्षेत्रीय दलों को इकट्ठा होकर भाजपा और कांग्रेस के विरुद्ध एक तीसरा मोर्चा बनाने की जरूरत है।
I.N.D.I.A Alliance: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की पिछले साल फतेहाबाद में हुई जिस रैली में I.N.D.I.A अलायंस की रूपरेखा तैयार हुई थी, उसी अलायंस पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने सवाल उठा दिए हैं। पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की 110वीं जयंती पर कैथल में राज्य स्तरीय रैली कर अपनी ताकत दिखा चुके अभय सिंह चौटाला ने स्पष्ट कह दिया कि I.N.D.I.A अलायंस में शामिल होने के लिए अभी तक उनकी पार्टी को कोई निमंत्रण नहीं मिला है। बिना निमंत्रण के अलायंस का हिस्सा नहीं बनेंगे।
अभय चौटाला (Abhay Chautala) ने भाजपा और कांग्रेस समेत राष्ट्रीय पार्टियों पर सवाल खड़े करते हुए क्षेत्रीय दलों की एकजुटता का नया पैंतरा फेंका है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियां किसी सूरत में नहीं चाहती कि क्षेत्रीय दल कामयाबी की तरफ बढ़ें। इसलिए देश भर के सभी क्षेत्रीय दलों को इकट्ठा होकर भाजपा व कांग्रेस के विरुद्ध एक तीसरा मोर्चा बनाने की जरूरत है। अभय के इस पैंतरे के बाद देश में भाजपा के विरुद्ध बने I.N.D.I.A अलायंस के गठन पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।
अभय चौटाला की क्षेत्रीय दलों से अपील
अभय चौटाला ने कहा कि इस बात को सभी मानते हैं कि ताऊ देवीलाल के जयंती समारोह की रैली में पिछले साल आईएनडीआईए अलायंस की नींव पड़ी थी। लेकिन अब वे क्षेत्रीय पार्टियों को नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसे में क्षेत्रीय दलों को अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने के लिए हर राज्य में एकजुटता बनाने की जरूरत है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे पिछले नौ साल से भाजपा की मदद कर रहे हैं। इसके अनेक उदाहरण और सबूत हैं। हुड्डा आईएनडीआईए अलायंस के किसी भी दल को एक भी लोकसभा सीट देने को तैयार नहीं हैं। इसका मतलब साफ है कि वे भाजपा की मदद करना चाहते हैं।
संगठन को अब और अधिक मजबूत करने पर रहेगा जोर'
अभय चौटाला ने कहा कि यदि हुड्डा को यह लगता है कि कांग्रेस अपने बूते चुनाव लड़ने में सक्षम है तो पिछले लोकसभा चुनाव में हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र दोनों ने लोकसभा चुनाव लड़े थे, फिर वह भी क्यों हार गए, जबकि कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। अभय ने दावा किया कि इनेलो की कैथल रैली बेहद कामयाब रही है। उन्होंने जिन्हें भी इस रैली में आने का न्योता दिया, कांग्रेस को छोड़कर सभी दलों के नेता और प्रतिनिधि ताऊ देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित करने कैथल पहुंचे। इस रैली के बाद इनेलो के कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर है। इनेलो अब अपने संगठन को पहले से अधिक मजबूत करने पर जोर देगा।