Begin typing your search above and press return to search.
एनसीआर

रवि काना गिरोह की गैंगस्टर काजल झा की 80 करोड़ की कोठी सील, उत्तराखंड से लेकर पंजाब तक फैसा साम्राज्य

SaumyaV
5 Jan 2024 6:57 AM GMT
रवि काना गिरोह की गैंगस्टर काजल झा की 80 करोड़ की कोठी सील, उत्तराखंड से लेकर पंजाब तक फैसा साम्राज्य
x

पुलिस को गिरोह के दिल्ली, गाजियाबाद, देहरादून, पंजाब, बुलंदशहर स्थित कई ठिकानों, संपत्ति और गोदामों का पता चला है। पुलिस टीम ने इन शहरों में डेरा डाल दिया है।

सरिया स्क्रैप माफिया रवि नागर उर्फ रवि काना गिरोह की गैंगस्टर काजल झा की दिल्ली की पॉश न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित 80 कराेड़ की कोठी गुरुवार को पुलिस ने सील कर दी। पुलिस को गिरोह के दो अन्य बदमाशों की लोकेशन मिली है। दोनों की घेराबंदी की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों गैंगस्टरों को जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस को गिरोह के दिल्ली, गाजियाबाद, देहरादून, पंजाब, बुलंदशहर स्थित कई ठिकानों, संपत्ति और गोदामों का पता चला है। पुलिस टीम ने इन शहरों में डेरा डाल दिया है। जल्द इन ठिकानों पर कार्रवाई की तैयारी है।

नोएडा के सेक्टर-39 थाने में सामूहिक दुष्कर्म और बीटा-2 थाने में गैंगस्टर एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज होने के बाद से पुलिस टीम रवि काना गिरोह के फरार बदमाशों और अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को रवि काना की करीबी काजल झा की कोठी सील कर दी गई है। कभी रवि से नौकरी पाने के लिए मिली काजल झा की काले कारोबार के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि काजल के लिए रवि ने दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स काॅलोनी में कोठी बनवाई थी। फरार गैंगस्टर ने देहरादून में पत्नी मधु के लिए कोठी बनाई थी। हालांकि इस कोठी का इस्तेमाल भी काले कारोबार के संचालन व टीम तैयार करने में होता था। इसके अलावा जिले और बुलंदशहर में कुछ गोदाम, पंजाब व अन्य शहरों में भी संपत्ति की जानकारी मिली है। जल्द इन संपत्तियों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।

पंजाब में स्क्रैप गलाने वाली फैक्टरी और गाजियाबाद में ट्रांसपोर्ट कंपनी

पुलिस को जानकारी मिली है कि जिले व वेस्ट यूपी की अन्य कंपनियों से स्क्रैप एकत्रित कर गिरोह नया सरिया और गाटर आदि बनाने के लिए किसी फैक्टरी में भेजते थे। इसी तरह की एक फैक्टरी पंजाब में होने की बात कही जा रही है। पुलिस फैक्टरी से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा गाजियाबाद की लोहा मंडी में ट्रांसपोर्ट कंपनी की भी जानकारी मिली है। इसका संचालन बिहार निवासी आरोपी करता है। इसके संबंध में भी पुलिस पड़ताल जारी है।

बुलंदशहर में चोरी का सरिया पकड़ा तो ई-वे बिल का किया खेल

बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में भी गिरोह का काले कारोबार का कारखाना बताया गया है। यहां 16 सितंबर को पुलिस ने चोरी किया गया 18 टन से अधिक और ट्रक में लदा 31 टन से अधिक सरिया बरामद किया था। पुलिस ने मौके से आरोपी सद्दाम और पिंटू को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ में रवि काना गिरोह के गैंगस्टर अनिल नागर का नाम आया था। अनिल को मंगलवार को बीटा-2 पुलिस ने जेल भेजा है। उस दौरान आरोपियों ने पकड़े गए सरिये को कारोबार से जुड़ा दिखा दिया था। आरोपियों ने ई-वे बिल भी दिखाए थे। हालांकि तब पुलिस ने बिल के फर्जी होने का दावा किया था। इसी तरह पांच साल पहले जब बिसरख पुलिस ने रवि काना व अन्य आरोपियों को पकड़ा था तब भी आरोपियों ने इस तरह बचने का प्रयास किया था।

SaumyaV

SaumyaV

    Next Story