
Pollution NCR : नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बिगड़ेंगे हालात, जानकार बोले- एक्यूआई 400 के पार जाने के आसार

ग्रेटर नोएडा और नोएडा की हवा काफी प्रदूषित हो गई है। ग्रेप लागू होने के बाद रविवार को पहली बार दोनों शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक रेड जोन में 300 के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने हवा थमने और पराली के धुएं की वजह से प्रदूषण का स्तर बढ़ने का दावा किया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक तीन दिनों तक वायु प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने ग्रेनो का एक्यूआई 400 के पार पहुंचने की आशंका जताई है।
अहम है कि महज एक सप्ताह पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा बेहतर थी। ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई येलो और नोएडा का एक्यूआई ग्रीन जोन में था, लेकिन पिछले तीन दिन में दोनों शहर का वायु प्रदूषण खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है। ग्रैप लागू होने के बाद पहली बार दोनों शहर का एक्यूआई रेड जोन में पहुंचा है।
दोपहर तक छाई रही धुल और धुएं की परत
नोएडा। रविवार को नोएडा में लोगों की नींद हवा में घुले प्रदूषण के साथ खुली। पूरे शहर में दोपहर तक धुल और धुएं की परत की छाई रही। दोपहर बाद हवा चलने पर मामूली राहत मिली। रविवार शाम पांच बजे सेक्टर-116 में एक्यूआई 361 रिकॉर्ड हुआ। वहीं सेक्टर-62 में भी एक्यूआई 300 रिकॉर्ड हुआ।
पिछले छह दिनों से लगातार बढ़ रहा प्रदूषण
तिथि ग्रेनो नोएडा
17 अक्तूबर 108 80
18 अक्तूबर 156 129
19 अक्तूबर 166 136
20 अक्तूबर 238 214
21 अक्तूबर 289 249
22 अक्तूबर 354 304
ग्रेनो वेस्ट से अधिक रहा ग्रेनो का एक्यूआई
ग्रेनो के नॉलेज पार्क तीन और ग्रेनो वेस्ट के नॉलेज पार्क 5 में वायु प्रदूषण मॉनिटरिंग स्टेशन है। अब तक ग्रेनो वेस्ट का एक्यूआई ग्रेटर नोएडा से अधिक रहता था, लेकिन रविवार को ग्रेनो का एक्यूआई अधिक रहा है। शाम चार बजे ग्रेनो का एक्यूआई 363 और ग्रेनो वेस्ट का एक्यूआई 344 रहा था।
सड़कों पर उड़ रही धूल जगह-जगह जल रहा कूड़ा
ग्रेटर नोएडा में ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। यहां की सड़कों पर धूल उड़ रही है। जबकि जगह-जगह कूड़ा जलाया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार रोकथाम के उपाय नहीं कर रहे हैं। धूल उड़ने वाली जगहों पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है। इससे उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अफसर परेशान हैं।
उनका कहना है कि प्राधिकरण जिम्मेदारी से काम नहीं कर रहा है। इस संबंध में पत्र भेजा जाएगा। वहीं दोनों विभाग की अनदेखी से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कुलेसरा में हिंडन पुल के पास दादरी-सूरजपुर-छलेरा मार्ग पर रविवार सुबह काफी मात्रा में मिट्टी पड़ी थी। जो वाहनों के कारण हवा में उड़ रही थी।