Begin typing your search above and press return to search.
एनसीआर

सिंधु बॉर्डर से पुलिस ने 25 आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, BJP दफ्तर पर बढ़ाई गई चौकसी

SaumyaV
2 Feb 2024 6:38 AM GMT
सिंधु बॉर्डर से पुलिस ने 25 आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, BJP दफ्तर पर बढ़ाई गई चौकसी
x

चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धांधली के खिलाफ आज दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के पास आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करेगी। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा।

चंडीगढ़ के मेयर चुनाव का मुद्दा राजधानी दिल्ली तक आ पहुंचा है। चंडीगढ़ चुनाव में हुए कथित फर्जीवाड़े को लेकर आज आप दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा होंगे। डीडीयू मार्ग और विष्णु दिगंबर मार्ग के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। वाहनों की सुरक्षा जांच की जा रही है।

हालात के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 1000 जवान तैनात किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर से अब तक 25 आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। ये सभी पंजाब और हरियाणा के पार्टी कार्यकर्ता हैं। पुलिस को शक है कि वे आज पार्टी के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले थे। कुछ अन्य कर्मियों को रोका गया है। जिन लोगों को सीमा पर हिरासत में लिया गया है उन्हें सत्यापन के बाद जाने की अनुमति दी जाएगी।


वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, 'पहले उन्होंने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट लूटे। अब, इसके खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए आ रहे लोगों को पूरी दिल्ली में रोका जा रहा है।'

पहले चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट चोरी किए।

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, 'चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में खुलेआम धोखाधड़ी हुई। आज आप के नेता, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली में भाजपा के खिलाफ एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन से पहले पूरे दिल्ली में बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। आप के कार्यालय को छावनी बना दिया गया है। आज भाजपा को इतना डर लग रहा है कि एक तरफ चुनाव में घपला करते हैं और दूसरी तरफ देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी नहीं हो सकता। भाजपा को इतना डर क्यों है?'

भाजपा के खिलाफ आज आप के विरोध प्रदर्शन पर दिल्ली के मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'देश जानता है कि भाजपा ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कैसे धोखाधड़ी की। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान आज बीजेपी कार्यालय पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन से पहले, हमारे विधायकों, पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर हिरासत में लिया जा रहा है। क्या भाजपा अरविंद केजरीवाल से इतनी डरी हुई है कि वे यह विरोध प्रदर्शन नहीं होने दे रहे हैं?'

केजरीवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन

चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धांधली के खिलाफ शुक्रवार को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के पास आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करेगी। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे। आप का आरोप है कि भाजपा देश के लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था को खत्म कर रही है। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में हुई धांधली और धक्काशाही इसका ताजा उदाहरण है।

यातायात पर दिखा असर

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा तैनात किए जाने के बाद दीन दयाल उपाध्याय रोड पर यातायात धीमा हो गया है।

Next Story