
- Home
- /
- India News
- /
- मातृ पितृ भक्त, ईश्वर...
मातृ पितृ भक्त, ईश्वर भक्त, देश भक्त युवाओं का निर्माण करेंगे, चलाया जाएगा अभियान : अनिल आर्य

नई दिल्ली। केंद्रीय आर्य युवक परिषद् की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आर्य समाज कबीर बस्ती पुरानी सब्जी मंडी के सभागार में सोमवार, 21 अप्रैल को राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य की अध्यक्षता में सौल्लास संपन्न हुई। बैठक में निश्चय हुआ कि आगामी ग्रीष्मावकाश में युवा पीढ़ी को मातृ-पितृ भक्त, ईश्वर भक्त व देश भक्त निर्माण करने का अभियान चलाया जाएगा।
अनिल आर्य ने कही ये बात
केंद्रीय आर्य युवक परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने कहा कि आज चरित्रवान, संस्कारित, सुसंस्कारित युवाओं का निर्माण करना हमारी प्राथमिकता रहेगी। आज वृद्धाश्रम खुल रहे हैं। यह चिंता का प्रश्न है कि नई पीढ़ी में मां-बाप की सेवा भावना में कमी आई है।
विशाल आर्य युवा चरित्र निर्माण शिविर चलाने का एलान
उन्होंने बताया कि विशाल आर्य युवा चरित्र निर्माण शिविर शनिवार 31 मई से रविवार 8 जून 2025 तक एमिटी इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-44, नोएडा में आयोजित किया जाएगा। शिविर में 12 वर्ष से 18 वर्ष तक के 200 युवक लिए जायेंगे। उन्हें योगासन, दंड बैठक, लाठी, जुडो कराटे, बॉक्सिंग और आत्म रक्षा शिक्षण दिया जायेगा व वैदिक संस्कृति की जानकारी दी जाएगी। शिक्षाविद डा. अमिता चौहान और डा. अशोक कुमार चौहान के सानिध्य में यह शिविर चलेगा। इसके साथ ही देश के विभिन्न स्थानों पर भी शिविर लगेंगे और युवा संस्कार अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में ये सभी रहे उपस्थित
प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण आर्य ने कहा कि गाजियाबाद से 50 युवक सम्मिलित होंगे और सम्भव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक का कुशल संचालन राष्ट्रीय महासचिव महेन्द्र ने करते हुए सबसे सहयोग की अपील की। राष्ट्रीय संघठन मंत्री सौरभ गुप्ता गाजियाबाद ने बताया कि परिषद को कार्य करते हुए 47 वर्ष होने जा रहे हैं। प्रमुख रूप से सुरेश आर्य साहिबाबाद, त्रिलोक आर्य गोविंदपुरम, दिनेश आर्य, गौरव झा, रामकुमार सिंह आर्य, नंद लाल शास्त्री, मोहित आर्य और जय आर्य ने विचार व्यक्त किए।