
- Home
- /
- India News
- /
- संगम विहार, मरियम नगर...
संगम विहार, मरियम नगर सहित नंदग्राम में 100 बीघा से अधिक भूमि पर भूमाफियाओं का कब्जा

महापौर ने नंदग्राम स्थित नगर निगम की भूमि का किया निरीक्षण
गाजियाबाद। महापौर सुनीता दयाल द्वारा नगर निगम की भूमि को कब्जा मुक्त कराने का अभियान चलाया जा रहा है। जहां से भी सूचना मिलती है, वह स्वयं अधिकारियों को लेकर वहां पहुंचती हैं। इसी क्रम में आज वार्ड 6 की पार्षद छाया त्यागी के आग्रह पर महापौर सुनीता दयाल नंदग्राम स्थित नगर निगम की भूमि का निरीक्षण करने नगर निगम के अधिकारियों के साथ पहुंचीं।
निरीक्षण के दौरान खसरा नंबर 207, 208, 172, 142, 167, 98, 95, 1082, 87, 88, 113, 117, 60 व 74 को देखा गया, जिनमें अधिकांश भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जा कर बेचा जा चुका है और वहां अब मकान बने हुए हैं। कुछ भूमि पर सब्जी उगाई जा रही है, कुछ को किराए पर दे दिया गया है, कुछ में पार्किंग बना ली गई है, तो कुछ जगहों पर झुग्गियां डालकर अवैध कब्जा किया गया है। वहीं, कुछ भूमि पर बाउंड्री बनाकर प्लॉटिंग की जा रही है और कुछ में फसल उगाई जा रही है। यह अवैध कब्जा 100 बीघा से अधिक भूमि पर फैला हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 500 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह भूमि नंदग्राम, संगम विहार, राधा कुंज एवं सिहानी के जंगल क्षेत्र में स्थित है।
भूमाफियाओं के नाम उजागर
जांच के दौरान जब मौके पर मकान मालिकों के कागजात देखे गए, तो पाया गया कि रजिस्ट्रियों में कुछ अन्य खसरों का जिक्र था, जबकि कब्जा नगर निगम की भूमि पर कराया गया था। इस पर मकान मालिकों ने भूमि बेचने वाले मुकेश त्यागी, अवधेश त्यागी, नंदू त्यागी, विनोद त्यागी, आर. डी. त्यागी, शिव कुमार त्यागी, धर्मपाल प्रजापति आदि के नाम बताए। इस पर महापौर ने स्पष्ट किया कि इन लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई है। उन्हें रजिस्ट्री किसी और खसरे की दी गई, जबकि कब्जा नगर निगम की भूमि पर कराया गया।
FIR दर्ज करने के निर्देश
इसके तुरंत बाद महापौर ने नंदग्राम थानाध्यक्ष को बुलाकर निर्देश दिया कि यह सभी गरीब लोग हैं, जिनके साथ धोखाधड़ी कर प्लॉट बेचे गए हैं। इसलिए प्लॉट बेचने वालों के खिलाफ तहरीर देकर FIR दर्ज कराई जाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर निगम भी कानूनी प्रक्रिया के तहत भूमि खाली कराने की कार्रवाई करेगा।
मरियम नगर में भी नगर निगम की भूमि पर कब्जा
कुछ महीने पहले मरियम नगर में नगर निगम की 500 गज भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर तैयार कर लिया गया था। इस मामले में नगर निगम द्वारा 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी और भवन को सील कर दिया गया था। लेकिन मौके पर निरीक्षण करने पर पाया गया कि वहां अब एक होस्टल संचालित हो रहा है और नगर निगम की संपत्ति का बोर्ड भी छुपा दिया गया था।
महापौर ने मौके पर ही बोर्ड हटवाकर सत्यापन किया और वीडियो ग्राफी कराई। साथ ही होस्टल संचालक को जल्द से जल्द होस्टल खाली कराने का निर्देश दिया। इस भूमि का खसरा नंबर 133 व 134 है, जो पूरी तरह नगर निगम की संपत्ति है। होस्टल संचालक ईश्वर त्यागी और आयूब मालिक बताए गए हैं, जिनके खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने का अभियान जारी रहेगा। महापौर सुनीता दयाल ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की सभी अतिक्रमित भूमि को चिन्हित कर अवैध कब्जा मुक्त कराया जाएगा और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।