
फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में अभिनेता सलमान खान के किरदार समीर के गुरु बनने वाले अभिनेता विक्रम गोखले की पहली पुण्यतिथि पर महाराष्ट्र सरकार ने उनके नाम पर शहर के प्रमुख रास्ते का नाम रखने का फैसला किया है। इस रास्ते के नामकरण समारोह में राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
पिछले साल विक्रम गोखले का 77 की उम्र में 26 नवम्बर 2022 को पुणे के एक अस्पताल में निधन हो गया। विक्रम गोखले के पहली पुण्यतिथि पर उनके नाम पर शहर के एक रास्ते का नाम नटश्रेष्ठ विक्रम गोखले मार्ग रखा जा रहा है। यह मार्ग अंधेरी पश्चिम के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के गेट नंबर चार के बगल से सिंटा टावर की तरफ जाता है।
पिछले महीने विजयदशमी के अवसर पर फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों की संस्था सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (सिन्टा) के टावर का उद्घाटन उद्घाटन बीते जमाने की अभिनेत्री आशा पारेख ने किया था। विक्रम गोखले साल 2017 से 2022 तक सिन्टा के प्रेसिडेंट रहे। इस दौरान उन्होंने सिंटा के कलाकारों के हित लिए कई अहम फैसले भी लिए।
दिवंगत अभिनेता विक्रम गोखले ने सिन्टा को एक एकड़ जमीन भी दान में दी थी। उन्होंने मराठी फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी एक एकड़ जमीन दान में दी। सिन्टा से विक्रम गोखले का बहुत ही गहरा नाता रहा है इसलिए सिन्टा के पदाधिकारियों ने ही मिलकर सिन्टा टॉवर की तरफ आने वाले मार्ग का नाम नटश्रेष्ठ विक्रम गोखले मार्ग रखने की महाराष्ट्र सरकार से पेशकश की।