सीएम योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर में बोले पर्यटन स्थलों पर चलाए जाएंगे सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन

Update: 2023-09-28 07:12 GMT

सीएम योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर में बोले पर्यटन स्थलों पर चलाए जाएंगे सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन

उत्तर प्रदेश न्यूज़ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आध्यात्मिक पर्यटन में उप्र को दुनिया में सबसे धनी बताया। कहा कि पर्यटन न केवल जीवन में परिवर्तन का माध्यम है बल्कि जीने की नई विधा भी प्रस्तुत करता है। विश्व पर्यटन दिवस की थीम ‘टूरिज्म एंड ग्रीन इन्वेस्टमेंट’ को धरातल पर उतारने की कार्ययोजना भी सीएम योगी ने साझा की। कहा कि पर्यटन में ग्रीन इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा देने के लिए हमारा प्रयास होगा कि प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन (ई-बस व ई-रिक्शा) चलाए जाएं। सरकार इसके लिए निजी आपरेटर्स को प्रोत्साहित करेगी।

विश्व पर्यटन दिवस पर बुधवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में उत्साह व उमंग का संचार हो, इसलिए पर्यटन की सभी संभावनाओं को सामने लाने की आवश्यकता है। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुविधा से वहां आध्यात्मिक व सकारात्मक वातावरण बनेगा। पर्यटन स्थल को हम इस ढंग से विकसित करें कि वहां पर जेनरेटर भी न चले। वहां सोलर लाइट की व्यवस्था हो। साथ ही कोई ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे ग्रीन एनर्जी के माध्यम से उस क्षेत्र के विद्युतीकरण की व्यवस्था भी सुचारू ढंग से चल सके।

मुख्यमंत्री ने पर्यटन के भेद समझाते हुए कहा कि प्रमुख रूप से दो प्रकार के टूरिज्म दिखते हैं। एक धार्मिक और दूसरा मनोरंजन से जुड़ा। दोनों के साथ पूरा ईको सिस्टम काम करता है। एक आस्था से जुड़ा है तो दूसरा मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धक भी है। यूपी की दृष्टि से देखें तो आध्यात्मिक टूरिज्म में जितना धनी उत्तर प्रदेश है, उतना दूसरा कोई नहीं है। समारोह के दौरान सीएम ने उप्र के पर्यटन स्थलों पर आधारित ‘ए टू जेड’ पुस्तिका का विमोचन किया। साथ ही युवा पर्यटन क्लब के सदस्यों को किट देकर अग्रणी पर्यटन उद्यमियों को सम्मानित भी किया।

पर्यटकों की भाषा को भी समझे और तब उन्हें जानकारी दे

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर स्थानीय भाषा के साथ उन राज्यों या देशों की भाषा में भी संकेतक लगाए जाएं, जहां से अधिक पर्यटक आते हों। स्थानीय युवाओं को गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर उन भाषाओं की भी सामान्य जानकारी दी जाए। मुख्यमंत्री ने होम स्टे से भी रोजगार को बढ़ावा देने को प्रोत्साहित किया।

Tags:    

Similar News