AAP कर रही सुंदरकांड का पाठ, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की हनुमान मंदिर की सफाई

By :  SaumyaV
Update: 2024-01-16 06:42 GMT

राजधानी दिल्ली में राम भक्त हनुमान यानी महाबली की एंट्री हो चुकी है। जहां आम आदमी पार्टी हर महीने दिल्ली में सुंदरकांड का पाठ करेगी वहीं भाजपा नेता इन दिनों मंदिरों में साफ सफाई का अभियान चला रही है। 

 अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा से पहले दिल्ली में हनुमान जी की एंट्री हो चुकी है। जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी ने हर माह के पहले मंगलवार को सुंदरकांड पाठ का ऐलान किया है। आप के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय से जानकारी दी। वहीं दूसरी तरफ भाजपा नेता मंदिर परिसरों की सफाई कर रहे हैं। क्या पक्ष क्या विपक्ष सभी भक्ति की लहर में डुबकी लगा रहे हैं।

सीएम केजरीवाल ने दिल्लीवालों को किया आमंत्रित

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि सबकी सुख शांति और तरक्की के लिए आम आदमी पार्टी दिल्ली में कई जगह सुंदरकांड का पाठ करवा रही है। मैं अपनी धर्मपत्नी के साथ आज मंगलवार दोपहर तीन बजे रोहिणी के मंदिर में सभी भक्तजनों के साथ सुंदरकांड पाठ करूंगा। आप सभी अपनी सुविधानुसार अपने घर के पास होने वाले पाठ में आमंत्रित हैं।

भाजपा का दिल्ली के मंदिरों में स्वच्छता अभियान

वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के मंत्री से लेकर पार्टी नेता तक सभी स्वच्छता अभियान के तहत मंदिरों की साफ-सफाई कर रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्वच्छता अभियान के तहत दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर की सफाई की।

आम आदमी पार्टी का एलान

अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से एक सप्ताह पहले आम आदमी पार्टी सभी विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ कर रही है। पार्टी का कहना है कि भगवान राम सबके अराध्य हैं। रामचरितमानस के सुंदरकांड के पाठ से दिल्ली में रहने वाले लोगों के जीवन में सुख और समृद्धि आएगी। पार्टी का दावा है कि आयोजन एक दिन का नहीं होगा। फैसला किया गया है कि अब से हर महीने के पहले मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ करवाया जाए। पार्टी इसके लिए अलग से संगठन बनाएगी।

हर महीने के पहले मंगलवार होगा सुंदरकांड का पाठ

आप के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी के कई विधायक पहले से ही आप के कई विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में सुंदरकांड का कार्यक्रम करा रहे हैं। कुछ साथी मंगलवार को हनुमान चालीसा भी अपने-अपने क्षेत्रों में कराते हैं, लेकिन अब पार्टी ने तय किया है कि सुंदरकांड पाठ का आयोजन एक तयबद्ध तरीके से पूरी दिल्ली में किया जाएगा। पार्टी ने इसके लिए एक नया संगठन बनाया है। इसके माध्यम से पूरी दिल्ली में सुनियोजित तरीके से सुंदरकांड पाठ का कार्यक्रम चलाया जाएगा।

ये है आप की दिल्ली में योजना

उन्होंने बताया कि आप सुंदरकांड के पाठ का आयोजन पहले विधानसभा स्तर पर करेगी। इसके बाद वार्ड स्तर और फिर मंडल स्तर पर भी किया जाएगा। जब यह कार्यक्रम मंडल स्तर पर होने लगेंगे, तब हर महीने दिल्ली के अंदर 2,600 से ज्यादा जगहों पर सुंदरकांड पाठ का कार्यक्रम होने लगेगा। इसके तहत कहीं पर सुंदरकांड होगा तो कहीं पर हनुमान चालीसा का आयोजन किया जाएगा। 


Tags:    

Similar News