आम आदमी पार्टी के एकलौते सांसद सुशील कुमार रिंकू भाजपा में शामिल

By :  Neeraj Jha
Update: 2024-03-27 11:57 GMT


नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी को इन दिनों कई कठिनाइयों से गुजरना पड़ रहा है। अभी पिछले दिनों आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले के आरोप में ईडी ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके साथ ही अब पंजाब से पार्टी के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। मीडिया की खबरों के अनुसार, बुधवार को जालंधर से पार्टी के एकलौते सांसद भाजपा में शामिल हो गए, इसके साथ ही पार्टी के विधायक ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। ऐसे में कहा जा सकता है कि पार्टी को लोकसभा चुनाव से पहले लगातार झटके मिल रहे हैं। 

रिंकू द्वारा भाजपा का दामन थामने के बाद पंजाब से लेकर दिल्ली तक माहौल गर्म है। पार्टी की ओर से अभी किसी तरह का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है कि रिंकू ने आप पार्टी को क्यों छोड़ा। हालांकि, रिंकू के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा का माहौल गर्म है। भाजपा ने अपने एक्स अकाउंट से जानकारी साझा की है कि सुशील कुमार रिंकू और अंगुरल शीतल ने भाजपा का दामन धाम लिया है।

रिंकू सिंह का भाजपा में शामिल होना आम आदमी पार्टी के लिए आगामी चुनाव के लिए ठीक नहीं है क्योंकि पार्टी के लिए रिंकू सिंह पंजाब में बडे़ चेहरे में से एक थे। जिसके चलते पार्टी को उनके बदले में दूसरे चेहरे को उतारकर लोकसभा चुनाव में जीत दिलवाना मुश्किल हो सकता है। दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल छह दिन के लिए ईडी की हिरासत में हैं ऐसे में पार्टी केजरीवाल को जमानत दिलाने के लिए पूरा जोर दे रही है।

आम आदमी पार्टी ने 2023 में रिंकू सिंह को उपचुनाव का टिकट दिया था और वह आप चुनाव में जीते। बताते चलें कि आप में शामिल होने से पहले रिंकू कांग्रेस से विधायक थे लेकिन एक साल बाद रिंकू ने आप पार्टी से इस्तीफा देकर अचानक भाजपा का दामन थाम लिया।

Tags:    

Similar News